जयपुर, 7 जुलाई। मत्स्य विभाग के मंत्री श्री प्रभुलाल सैनी ने बताया कि प्रदेश में एग्रो ट्यूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए बीसलपुर बांध पर स्पाॅट फिशिंग शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस तरह का प्रयोग प्रदेश में पहली बार किया जा रहा है।
श्री सैनी शुक्रवार को अपने निवास पर मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीसलपुर बांध पर रंगीन मछलियों का ब्रीडिंग सेंटर और एक्वेरियम बनाया जा रहा है। यहां न केवल विभिन्न देशी और विदेशी नस्ल की मछलियों को एक्वेरियम में प्रदर्शित किया जाएगा बल्कि यहां प्रजनन भी होगा।
मत्स्य मंत्री श्री सैनी ने बताया कि इन दिनों देश और प्रदेश में रंगीन मछलियों की एक्वेरियम की मांग बढ़ती जा रही है, ऐसे में यहां की मांग की पूर्ति बीसलपुर बांध से की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि यहां प्रजनन केन्द्र खुलने से सस्ती दरों पर मछलियां मिल सकेंगी। इस बैठक में मत्स्य आयुक्त श्री अजिताभ शर्मा सहित मत्स्य विभाग के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।