जयपुर, 6 जून। नगर निगम जयपुर मुख्यालय पर मंगलवार को महापौर जन सुनवाई का सफल आयोजन हुआ। 11 बजते ही लोगों का महापौर जन सुनवाई में पहुंचना शुरू हो गया। दोपहर के 2 बजे तक महापौर ने जन सुनवाई की। 2 बजे बाद भी लोगों का तांता लगा रहा और महापौर जन सुनवाई करते रहे। आम लोगों में महापौर जन सुनवाई को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने महापौर डॉ. अशोक लाहोटी की इस अभिनव पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। आम लोगों का कहना था कि एक ही छत के नीचे नगर निगम जयपुर से जुड़ी हर समस्या का समाधान मिलना वाकई अद्भुत है। आगंतुकों ने जन सुनवाई के लिए की गई टेंट, पानी, हवा, बैठक व्यवस्था, चाय व जलपान की व्यवस्था की प्रशंसा की।
जन सुनवाई में लोगों ने अपनी समस्याएं महापौर, उपमहापौर, आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त, मुख्य अभियंता को बताईं। महापौर, उपमहापौर सहित सभी अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक सभी लोगों की समस्याएं सुनीं और त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में संपूर्ण जानकारी दी। महापौर जन सुनवाई से लौट रहे ज्यादातर चेहरों पर तसल्ली थी कि अब उनका काम शीघ्रातिशीघ्र पूरा हो जाएगा।
जनसुनवाई के प्रथम डोम में आवेदन पत्र वितरण केंद्र बनाया गया। साथ ही लोगों को फॉर्म भरने में मदद करने के लिए कार्मिक नियुक्त किए गए। लोगों ने फॉर्म में अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल, वार्ड, जोन और अपनी समस्या लिखी।
दूसरे डोम में महापौर डॉ. अशोक लाहोटी, उपमहापौर श्री मनोज भारद्वाज, आयुक्त श्री रवि जैन, अतिरिक्त आयुक्त डॉ. हरसहाय मीणा, मुख्य अभियंता श्री अनिल सिंघल ने काउंटर लगाकर आवेदकों की समस्याएं सुनीं और आवेदन पत्र को संबंधित शाखा के लिए मार्क किया।
