जयपुर,10 जुलाई। सामान्य प्रशासन मंत्री श्री हेमसिंह भडाना ने कहा कि प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान मील का पत्थर साबित होगा।
श्री भड़ाना ने सोमवार को मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तृतीय चरण के तहत अलवर तहसील की ग्राम पंचायत भूगोर के भाखेड़ा वनीकरण क्षेत्र में जिला स्तरीय वन महोत्सव का पौधारोपण कर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वनों का पौराणिक काल से महत्व रहा है। पर्यावरण को संतुलित आधार प्रदान करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका वृक्षों की रही है। इसलिए सभी को अपने जीवन काल में अधिकाधिक वृक्ष लगाकर उनका पालन पोषण करने की प्रतिज्ञा लेनी चाहिए। जनसहभागिता की आवश्यकता प्रतिपादित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित कोई भी योजना तभी सफल होगी जब अधिकाधिक जनसभागिता होगी।
श्री भड़ाना ने कहा कि वृक्ष खुशहाली के प्रतीक है एवं प्राकृतिक संतुलन में वृक्ष अहम कड़ी होेते है। उन्होंने कहा कि मनुष्य द्वारा प्रकृति के मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ के कारण हम अनावृष्टि एवं अतिवृष्टि तथा प्राकृतिक असंतुलन की स्थिति झेल रहे हैं। उन्होंने आमजन से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और वृक्षों की नियमित देखरेख कर उनका संरक्षण करने का आह्वान किया ।
इस अवसर पर अलवर शहर विधायक श्री बनवारी लाल सिंघल ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान में प्रत्येक व्यक्ति कंधे से कंधा मिलाकर अपनी सहभागिता प्रदान करेगा तभी ही पर्यावरण संतुलन में भी मदद मिलेगी।
जिला कलक्टर श्री राजन विशाल ने बताया कि अलवर एवं भिवाडी में अरबन फॉरेस्ट के तहत शहरी जन को पर्यावरण के नजदीक ले जाने की दिशा में कन्या उपवन विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में आज वन महोत्सव के तहत मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के द्वितीय चरण में चयनित 228 ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों के साथ आमजन की सहभागिता से पौधारोपण किया जा रहा है।
इस अवसर पर उप वन संरक्षक सरिस्का श्री बालाजी करी ने बताया कि अलवर जिले में इस वर्ष 92 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक 40 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं।
इससे पूर्व सामान्य प्रशासन मंत्री श्री हेमसिंह भडाना सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों ने सैकडों की संख्या में विभिन्न प्रजातियों के पौधें लगाये। महोत्सव में आये अतिथियों को भेंटस्वरूप तुलसी का पौधा प्रदान किया गया।
कटी घाटी पर पौधारोपण
सामान्य प्रशासन मंत्री ने सोमवार को कटी घाटी पर पौधारोपण किया। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता से कहा कि कटी घाटी से अहिंसा सर्किल से घोडाफेर तक बन रही सडक के किनारे अधिकाधिक पौधारोपण कराया जावें।
इस अवसर पर नगर परिषद के सभापति श्री अशोक खन्ना, जिला कलक्टर श्री राजन विशाल, मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय निदेशक सरिस्का श्री जी.एस.भारद्वाज सहित अन्य अधिकारियों ने भी पौधारोपण किया।

