बालोतरा – शहर व क्षेत्र में शुक्रवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती समारोह पूर्वक मनाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।बालोतरा के कांग्रेस ब्लाक कमेटी की ओर से राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा व निष्ठा के साथ मनाई गई। विधायक मदन प्रजापत ने राजीव गांधी की तस्वीर पर फूल मालाएं पहनाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। विचार संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मदन प्रजापत ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के स्वपनदृष्टा थे। उन्होंने 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार दिया। देश में संचार क्रांति का सूत्रपात किया। ब्लॉक कांग्रेस संगठन महामंत्री शंकरलाल सलुन्दिया ने कहा कि राजीव गांधी ने संविधान में संशोधन कर पंचायतीराज संस्थाओं व नगरीय निकायों को मजबूत किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व बालोतरा पंचायत समिति प्रधान भगवतसिंह जसोल ने कहा कि राजीव गांधी संचार व कंप्यूटर क्रांति के जनक थे। सही अर्थों में वे सच्चे विकास पुरुष थे। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के सपनों को साकार करने के लिए कांग्रेस जन संगठित होकर उनके बताए हुए रास्तों पर चल रही हैं।
प्रतिपक्ष नेता मेहबूब खा सिंधी, नेमीचंद माली, मोतीलाल सुंदेशा सहित कांग्रेसी कार्यकर्ताओ ने दो मिनट का मौन रख राजीव गांधी की तस्वीर पर पुष्प चढ़ा श्रद्धांजलि अर्पित की।