बाड़मेर।संतो की तपोभूमि तारातरा मठ में मंगलवार 5 दिवसीय भंडारा कार्यक्रम का कई धार्मिक अनुष्ठान के साथ शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ बाड़मेर के जाने माने विद्वान पंडितों द्वारा यज्ञ-हवन किया गया जिसमें मोहनपुरी जी महाराज के शिष्य महंत प्रतापपुरी महाराज ने आहुतियां दी।
महोत्सव में भाग लेने के लिए देशभर से मोजनपुरी जी के शिष्य पहुंचने शुरू हो गये हैं। साधु संतों के आगमन से बेहद श्रद्धा और उल्लास के साथ माहौल भक्तिमय बना हुआ है। ब्रह्मलीन संत मोहनपुरी महाराज के 5 दिवसीय भंडारा कार्यक्रम में प्रवचन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का श्रद्धालु लाभ उठा सकेंगे।
प्रतापपुरी महाराज ने बताया कि मंगलवार से ही संतो के महाकुंभ का मंगलमयी शुभारंभ हुआ। अनवरत रूप से संतो का आगमन शुरू हो चुका है। जो आगामी 17 तारीख तक जारी रहेगा। जिसमें देश भर के साधु -संतों सहित कई राजनीतिक हस्तियां शिरकत करेंगी। उन्होंने बताया कि इस 5 दिवसीय कार्यक्रम में करीब 5 लाख से अधिक श्रद्धालु शिरकत करेंगे। महंत प्रतापपुरी ने आह्वान करते हुए कहा कि राजस्थान भर यह एक ऐतिहासिक संत-समागम का कार्यक्रम होगा, इसलिए आप सभी का दायित्व है कि इसको सफल बनाने में सहयोग करें।
संत महात्माओं का आगमन शुरू
ब्रह्मलीन संत मोहनपुरी महाराज के 5 दिवसीय भंडारा कार्यक्रम का आज विधिवत रूप से शुभारंभ हुआ। राजस्थान की परंपराओं का निर्वाह करते हुए आगंतुक संत-महात्माओं का स्वागत-सम्मान बालिकाओं द्वारा किया गया। इस दौरान साध्वी देवा ठाकुर का आगमन हुआ। ढोल-धमाकों की गूंज और शहनाई की सुरमयी धुनों के साथ साध्वी देवा ठाकुर का स्वागत-अभिनंदन किया गया। जिसके बाद साध्वी ने महंत मोहनपुरी महाराज के धूणे के दर्शन किए।
मंडप प्रवेश, गणपति पूजन, कलश यात्रा, संत महात्माओं का संबोधन
प्रथम दिन वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश की स्थापना कराई। कलश स्थापना के बाद पंडित जवालाप्रसाद द्वारा नैनी बाई के मायरे का आगाज़ किया गया। मधुर संगीतमयी और अर्थावणी से प्रथम दिन ही मायरे कथावाचन पर दर्शक झूम उठे। महंत प्रतापपुरी महाराज ने बताया कि नैनी बाई का मायरा कथा अगले 2 दिन तक दोपहर 12 से 4 बजे तक कथा अनवरत रूप से चलेगी।
वहीं आज प्रथम दिवस पर भक्ति संध्या मे कालूसिंह गंगासरा एंड पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुतियाँ दी गई। जिसमे भक्त झूमते हुए नज़र आए।
‘ब्रह्मलीन महंत मोहनपुरी महाराज’ के नाम विशाल भजन संध्या का आयोजन आज
तारातरा धाम में महोत्सव के आज दूसरे दिन सुबह 10 बजे से 4 बजे तक नैनी बाई का मायरा, यज्ञ प्रारम्भ, भामाशाहो का स्वागत किया जायेगा। शिवरात्रि के पावन पर्व पर एक शाम मालाणी के महादेव ‘ब्रह्मलीन महंत मोहनपुरी महाराज’ के नाम भक्ति संध्या आयोजित होगी।
जिसमें राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक नृसिंह बाकोलिया बाड़मेर, महेशाराम एंड पार्टी जैसलमेर, फकीरा खान, खेता, सवाई जांगिड़, होतु सोनी द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। जिसमे बाड़मेर-जैसलमेर के कलाकार व कवि लोककला और कविता का संगम करेंगे। सभी को खुला मंच मिलेगा।